हरिद्वार

सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें श्रमिक: उप श्रमायुक्त विपिन कुमार की अपील

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उप श्रमायुक्त विपिन कुमार ने जनपद के श्रमिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में केंद्र सरकार की ओर से न्यूनतम वेतन वृद्धि को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है और सोशल मीडिया पर चल रही कई सूचनाएं पूरी तरह भ्रामक हैं। उप श्रमायुक्त ने बताया कि वर्तमान में नॉन इंजीनियरिंग उद्योगों, जैसे फार्मा और फूड कंपनियों में कार्यरत अकुशल श्रमिकों का कुल वेतन 13,018 रुपये निर्धारित है। पीएफ और ईएसआई कटौती के बाद श्रमिकों को लगभग 11,358 रुपये प्राप्त होते हैं। वहीं इंजीनियरिंग उद्योगों, जैसे बाइक और वाहन निर्माण कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों का वेतन 13,800 रुपये है। उन्होंने कहा कि कुछ श्रमिकों के बीच यह भ्रम फैल गया है कि केंद्र सरकार ने वेतन बढ़ा दिया है, जबकि अभी तक ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। यदि भविष्य में सरकार द्वारा कोई आदेश जारी किया जाता है और राज्य सरकार उसे लागू करती है, तो संबंधित कंपनियों में भी तत्काल प्रभाव से उसे लागू कराया जाएगा। हरिद्वार स्थित रोशनाबाद श्रम कार्यालय में श्रमिक अपनी किसी भी समस्या या शिकायत को लिखित अथवा मौखिक रूप से दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ओवरटाइम, बोनस, एरियर या अन्य श्रम संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकतम पांच श्रमिक प्रतिनिधि कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिनका नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। उप श्रमायुक्त विपिन कुमार ने श्रमिकों से क्षेत्र में शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और किसी के बहकावे में न आने की अपील करते हुए कहा कि श्रम विभाग श्रमिकों की हर शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर समाधान सुनिश्चित करेगा।

Related Articles

Back to top button