धनतेरस-दीपावली पर कनखल पुलिस ने दिया अनमोल तोहफा, 82 लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर कनखल पुलिस ने कई लोगों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी उन्हें लंबे समय से उम्मीद भी नहीं थी। जिन लोगों ने अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की आस छोड़ दी थी, उनके चेहरों पर पुलिस ने फिर से मुस्कान लौटा दी है। कोतवाली कनखल परिसर में पुलिस अधीक्षक नगर की मौजूदगी में कनखल पुलिस द्वारा बरामद किए गए 82 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किए गए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। कई मोबाइल स्वामियों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन कनखल पुलिस की मेहनत और तकनीकी कार्यवाही के चलते उन्हें उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सका। पुलिस ने CEIR पोर्टल और सर्विलांस की सहायता से इन मोबाइल फोन को तलाश कर बरामद किया। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कनखल पुलिस कुल 268 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख 20 हजार रुपये है। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने कनखल पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। त्योहार के अवसर पर खोई हुई कीमती वस्तु वापस मिलने से लोगों के लिए यह किसी बड़े उपहार से कम नहीं रहा है। इस सराहनीय कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी एवं हेड कांस्टेबल नीरज रावत शामिल रहे।









