हरिद्वार

लक्सर में राहगीर से लूट का पर्दाफाश तीन आरोपी गिरफ्तार

सुनसान रास्तों पर राहगीरों को बनाते थे निशाना

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में सुनसान रास्ते पर राह चलते व्यक्ति को जबरन बाइक पर बैठाकर मारपीट करने और नकदी व मोबाइल फोन लूटने की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। लक्सर कोतवाली पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूटी गई 4200 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। लक्सर पुलिस के मुताबिक, एक नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ निवासी अनुज को तीन बाइक सवार आरोपियों ने जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर मारपीट की और उससे पांच हजार रुपये की नकदी व सैमसंग ए 36 5 जी मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर दो नवंबर को कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मैनुअल और डिजिटल माध्यमों से साक्ष्य जुटाते हुए संदिग्धों की पहचान की। चेकिंग के दौरान लक्सर क्षेत्र से तीनों संदिग्धों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और अपने महंगे शौक व निजी जरूरतें पूरी करने के लिए सुनसान स्थानों पर राहगीरों को डराकर उनसे नकदी और कीमती सामान लूटते थे। लूटी गई रकम को आपस में बांट लेते थे। गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ बाबा निवासी सूखेड़ी, थाना गंगोह जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश विशाल निवासी भट्टीपुर, थाना पथरी तथा विक्की पुत्र सुरेश पाल निवासी दाबकी, कोतवाली लक्सर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4200 रुपये नकद पीड़ित का सैमसंग ए 36 5 जी मोबाइल फोन दो मोटरसाइकिलें, पीड़ित का आधार कार्ड और एक काले रंग का बैग बरामद किया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यार एसएसआई राजेश बिष्ट एसआई वीरेंद्र सिंह नेगी, कांस्टेबल अजीत तोमर, जगत सिंह, नरेश नेगी और किशोर नेगी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button