हरिद्वार

चारधाम और कांवड़ यात्रा से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अल्टीमेटम

तेज रफ्तार और शराब पीकर ड्राइविंग पर सख्ती के निर्देश: जिलाधिकारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने साफ निर्देश दिए हैं कि सितंबर तक जनपद की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाए, ताकि तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला कार्यालय सभागार में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण समिति की बैठक में डीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर गड्ढे हैं या पेचवर्क की जरूरत है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। विशेष रूप से भूपतवाला से बहादराबाद चौराहे तक सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक करने और जहां जरूरत हो वहां नई स्ट्रीट लाइट लगाने के आदेश दिए गए। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए चिन्हित स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने और ब्लैक स्पॉट को कम करने पर भी जोर दिया गया।
डीएम मयूर दीक्षित ने परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक नियमित चेकिंग अभियान चलाकर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए। साथ ही सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त न करने की सख्त हिदायत भी दी गई। बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कृष्ण चंद्र पलारिया ने बताया कि जनवरी से मार्च 2026 के बीच व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट 3226, ओवरस्पीड 3042 और ओवरलोडिंग के 221 चालान किए गए। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने के 196 मामलों में कार्रवाई हुई, 1523 वाहन सीज किए गए और कुल 21,789 चालान किए गए। सम्मन शुल्क के रूप में 70 लाख 5 हजार रुपये की वसूली भी की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, परिवहन, पुलिस, यूपीसीएल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button