हरिद्वार

उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग ने मनाया रजत जयंती समारोह, UKPSC-MITRA ऐप लॉन्च

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को आयोग परिसर में भव्य रजत जयंती समारोह का आयोजन किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, गरिमा और उपलब्धियों की झलक दिखाई दी। समारोह का शुभारम्भ राष्ट्रीय गीत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। आयोग के अध्यक्ष डॉ. रवि दत्त गोदियाल ने मुख्य अतिथि पूर्व अध्यक्ष कृश्न आर्य तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. सुधा रानी पाण्डे सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोग की 25 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आयोग ने अब तक 220 से अधिक सीधी भर्ती परीक्षाओं के माध्यम से 25 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया है, जबकि पदोन्नति सहित यह संख्या 40 हजार से अधिक पहुंच चुकी है।
डॉ. गोदियाल ने कहा कि आयोग पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया के लिए लगातार तकनीकी सुधार कर रहा है
परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने के साथ ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन, परीक्षा केंद्रों का डिजिटल प्रबंधन और उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन जैसी व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन कदमों से चयन प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं प्रभावी बनेगी। समारोह में आयोग के दिवंगत पूर्व अध्यक्षों एवं सदस्यों को श्रद्धांजलि भी दी गई। आयोग के सचिव अशोक कुमार पाण्डेय ने आयोग की 25 वर्षों की यात्रा और परीक्षा प्रणाली में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेपर लीक और फर्जी अभ्यर्थियों जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए एआई आधारित तकनीकों, डिजीलॉकर और परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली को अपनाया जा रहा है। इस दौरान आयोग की उपलब्धियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष मेजर जनरल आनन्द सिंह रावत सहित कई पूर्व सदस्यों एवं अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और आयोग की निष्पक्ष एवं उत्तरदायी कार्यप्रणाली की सराहना की। इस अवसर पर आयोग द्वारा “स्मारिका मेधा” के रजत जयंती विशेषांक का विमोचन किया गया। साथ ही आयोग के रजत जयंती लोगो का अनावरण भी किया गया, जिसे मेजर जनरल आनन्द सिंह रावत ने डिजाइन किया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए “UKPSC-MITRA” मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में कार्य करेगा तथा गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध रहेगा। मुख्य अतिथि कृश्न आर्य ने आयोग के शुरुआती दौर की चुनौतियों को याद करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों और कम बजट के बावजूद आयोग ने शून्य से शुरुआत कर आज एक मजबूत और विश्वसनीय संस्था के रूप में अपनी पहचान बनाई है।समारोह के अंत में आयोग के वरिष्ठ सदस्य अनिल कुमार राणा ने सभी अतिथियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ है।

Related Articles

Back to top button