Video: मत्स्य पालन की आड़ में अवैध खनन का बड़ा खेल
खनन माफिया लगा रहे हैं राजस्व विभाग को आए दिन लाखों रुपए का चुना
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार के लक्सर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मत्स्य पालन के नाम पर अवैध खनन का बड़ा खेल उजागर हुआ है। खानपुर बरहमपुर क्षेत्र में चल रही इस गतिविधि ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लक्सर तहसील के खानपुर बरहमपुर इलाके में कृषि भूमि पर कथित तौर पर मत्स्य पालन के नाम पर करीब 20 फीट गहरे तालाब की खुदाई की जा रही है। लेकिन सामने आए वीडियो और स्थानीय सूत्रों की मानें, तो यह केवल तालाब निर्माण नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर अवैध खनन का मामला है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पोकलेन और जेसीबी जैसी भारी मशीनों से लगातार खुदाई जारी है। मौके पर कई डंपर भी मौजूद हैं, जिनके जरिए रेत और पत्थर को बाहर स्टोन क्रेशरो पर ले जाया जा रहा है। यह गतिविधि खनन नियमों के खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन की ओर इशारा करती है। जानकारी के अनुसार, मत्स्य पालन के लिए निर्धारित गहराई से कहीं अधिक खुदाई की जा रही है। सूत्रों की माने तो इस स्तर की खुदाई सामान्य मत्स्य पालन गतिविधि का हिस्सा नहीं हो सकती। ऐसे में करोड़ों रुपये के अवैध खनन की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े स्तर पर चल रहे इस खुदाई की भनक प्रशासन को क्यों नहीं लगी क्या जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन और स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले से अनजान हैं या फिर कहीं न कहीं मिलीभगत की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता यहां दिन-रात मशीनें चल रही हैं, ट्रकों में भरकर रेत और पत्थर बाहर जा रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही हैं। ऐसे में अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और जिम्मेदार लोगों पर कब तक कार्रवाई होती है। फिलहाल, लक्सर के ब्रह्मपुर गांव में मत्स्य पालन के नाम पर हो रहे इस कथित अवैध खनन ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।









