नंदा देवी एक्सप्रेस मिस्ट्री का खुलासा
पांच दिन बाद बिहार से सकुशल मिली महिला, रिश्तों में बेवफाई और भरोसे पर उठे सवाल
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। खबर लक्सर से है जहां एक ऐसी कहानी जिसने पांच दिनों तक लकसर पुलिस, रेलवे प्रशासन और एक परिवार की सांसें थामे रखीं। नंदा देवी एक्सप्रेस से रहस्यमय ढंग से लापता हुई महिला का मामला अब एक बड़े खुलासे के साथ सामने आया है। जिस घटना को पहले हादसा, अपहरण या किसी अनहोनी से जोड़कर देखा जा रहा था अब उसने रिश्तों, भरोसे और बेवफाई पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र निवासी 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह अपने पति मनीष सिंह के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन कर 5 मई 2026 को देहरादून से गाजियाबाद लौट रही थीं। दोनों नंदा देवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। लेकिन देर रात लक्सर और रुड़की रेलवे ट्रैक के बीच अचानक महिला ट्रेन से रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। महिला के लापता होने की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। पति मनीष सिंह बदहवास हालत में पत्नी की तलाश में जुट गया।

वहीं लक्सर कोतवाली पुलिस पति की तहरीर पर पहले महिला की गुमशुदगी दर्ज की और 2 दिन बाद उसको अपहरण में तपदील किया, लक्सर पुलिस ने रेलवे ट्रैक से लेकर स्टेशन परिसर होटल अस्पताल और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कई घंटों तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस बीच लक्सर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्टेशन पर लगे कई सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े थे, जिसकी वजह से महिला की गतिविधियों का कोई स्पष्ट फुटेज सामने नहीं आ सका। चारधाम यात्रा सीजन के दौरान रेलवे सुरक्षा में इस तरह की लापरवाही ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
हालांकि पुलिस ने हार नहीं मानी। तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और लगातार जमीनी जांच के जरिए पुलिस मामले की परतें खोलती चली गई। और फिर पांच दिन बाद इस कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने हर किसी को चौंका दिया। लक्सर पुलिस ने महिला को पटना बिहार से सकुशल बरामद कर लिया। सूत्रों की मानें तो महिला अपने पति को गुमराह कर ट्रेन से उतरकर अपने परिचित के यहां पटना बिहार चली गई थी।
एसपी देहात रुड़की शेखर चन्द्र सुयाल ने महिला के सकुशल बरामद होने और मामले की पुष्टि की है। अब यह मामला सिर्फ एक गुमशुदगी का नहीं बल्कि रिश्तों में भरोसे और बेवफाई की चर्चा का विषय बन गया है। एक तरफ पति और अपनी पत्नी की तलाश में दिन-रात पुलिस के साथ भटकता रहा तो दूसरी ओर पत्नी किसी अपने परिचित के पास चली गई। सात फेरों में लिए गए वादे जीवनभर साथ निभाने की कसमें और रिश्तों की नींव माने जाने वाला भरोसा इस पूरे घटनाक्रम के बाद सवालों के घेरे में दिखाई दे रहा है। फिलहाल लक्सर कोतवाली पुलिस महिला को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। वहीं यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।









