पिरान कलियर में उत्तराखंड पुलिस का व्यापक स्वच्छता अभियान, दरगाह से गांवों तक चला सफाई अभियान
जावेद अंसारी/मोहम्मद मुस्लिम
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी/मोहम्मद मुस्लिम) पिरान कलियर। उत्तराखंड पुलिस द्वारा प्रदेश को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के संकल्प के तहत पिरान कलियर क्षेत्र में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। थाना पिरान कलियर पुलिस, नगर पंचायत और स्वयंसेवी संगठनों की संयुक्त टीमों ने पूरे कलियर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

इस अभियान की शुरुआत पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर की गई, जिसमें धार्मिक, तीर्थ और सार्वजनिक स्थलों को विशेष रूप से शामिल किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल के आदेश पर थाना पिरान कलियर क्षेत्र में सघन सफाई अभियान संचालित किया गया।

थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने दरगाह क्षेत्र, मेला क्षेत्र, अब्दाल साहब मार्ग, हज हाउस मार्ग, इमलीखेड़ा और धनौरी गांवों में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने अपने आसपास सफाई रखने और समाज को स्वच्छ बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।











