बागेश्वर

अवैध शस्त्रों पर कड़ा शिकंजा: व्यापक चेकिंग, गन हाउस निगरानी और CCTV बैकअप अनिवार्य

राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अवैध शस्त्र निगरानी समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अवैध शस्त्रों की निगरानी, सत्यापन एवं नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही, अन्य राज्यों से स्थानांतरित होकर आए व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंसों का विशेष अभियान चलाकर सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जनपद में संचालित हथियार एवं गोला-बारूद की दुकानों/गन हाउसों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने तथा निर्धारित सीमा से अधिक कारतूस खरीदने वाले व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक को अपराध प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण से संबंधित मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, सभी गन हाउसों में सीसीटीवी डेटा का कम से कम एक वर्ष का बैकअप सुरक्षित रखना अनिवार्य किया गया।

जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित बार, पब एवं अन्य रात्रिकालीन प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों एवं पुलिस पिकेट का विस्तार करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही, लंबे समय से नवीनीकरण न कराने वाले शस्त्र लाइसेंसों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नियमित (लीगलाइज) करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button