पंचायती राज दिवस पर 25 मिनी सचिवालयों का मंत्री मदन कौशिक ने किया लोकार्पण, परिवार रजिस्टर हुए डिजिटल
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर हरिद्वार जिले की 25 ग्राम पंचायतों में बने मिनी सचिवालयों और परिवार रजिस्टरों के डिजिटलीकरण का शुभारंभ पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी भी मौजूद रहीं। मंत्री ने कहा कि मिनी सचिवालय बनने से अब ग्रामीणों को प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की नकल गांव में ही आसानी से मिल सकेगी, जिससे उन्हें तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के लिए मजबूत कार्ययोजना बनाकर उसे धरातल पर लागू करने पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इन मिनी सचिवालयों से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगी। अधिकारियों के अनुसार पंचायत भवनों के जीर्णोद्धार के साथ ही परिवार रजिस्टरों का डिजिटलीकरण भी पूरा कर लिया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।









