व्हाट्सएप APK से साइबर ठगी, रिटायर्ड बीएचईएल कर्मी के खातों से 12 लाख रुपए पार
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में साइबर अपराध का गंभीर मामला सामने आया है, जहां Bharat Heavy Electricals Limited (बीएचईएल) से सेवानिवृत्त एक कर्मचारी के बैंक खातों से करीब 12 लाख रुपये की अनाधिकृत निकासी कर ली गई। मामले में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को पीड़ित के बैंक खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से लगभग 9.99 लाख रुपये निकाल लिए गए। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि घटना से पहले उनके व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध APK फाइल प्राप्त हुई थी, जिसे डाउनलोड करने के बाद साइबर ठगों ने मोबाइल फोन और बैंकिंग डाटा तक पहुंच बना ली। इसी के जरिए ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया।
इसी बीच 21 अप्रैल को पासबुक अपडेट कराने पर यह भी सामने आया कि 13 अप्रैल को ही कर्नाटक बैंक के एक अन्य खाते से करीब 2 लाख रुपये और डेबिट हुए हैं। इस प्रकार कुल ठगी की रकम 10 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की गहन जांच कराते हुए संबंधित खातों की ट्रांजेक्शन डिटेल खंगालने, संदिग्ध खातों की पहचान करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।
पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।









