हरिद्वार

पल्स पोलियो अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट, 3.36 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि 28 जून को जनपद के सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जबकि 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने का कार्य करेंगी। उन्होंने बताया कि जनपद में इस अभियान के तहत लगभग 3 लाख 36 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दीक्षित ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, श्रम विभाग तथा खनन विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि प्रत्येक अभिभावक तक अभियान की जानकारी पहुंच सके। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों के माध्यम से तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के सहयोग से प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। वहीं अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को मदरसों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने के लिए कहा गया। श्रम एवं खनन विभाग को फैक्ट्रियों और खनन क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के बच्चों तक पोलियो अभियान की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, सीएमएस रुड़की डॉ. ए.के. मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कोमल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद,‌ अधिशासी अभियंता दीपक सैनी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी गंभीर तलियान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button