हरिद्वार

बहादराबाद पुलिस का डबल एक्शन: नशा तस्कर गिरफ्तार, हुड़दंग करने वाला भी हिरासत में

ऑपरेशन प्रहार-2026 के तहत अवैध शराब पर कड़ा प्रहार, शांति भंग करने वालों पर भी सख्ती

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में धर्मनगरी को नशामुक्त बनाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। “ऑपरेशन प्रहार-2026” के तहत एक ओर जहां नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ भी त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने नहर पटरी रेगुलेटिंग पुल के पास कच्चे रास्ते से आरोपी गौरव उर्फ चिंटू पुत्र स्व. बालमुकुंद चौरसिया निवासी काली माता मंदिर के पास, कस्बा बहादराबाद को 50 पब्बे अवैध अंग्रेजी शराब (8PM Gold Whisky) के साथ दबोच लिया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वहीं दूसरी ओर बहादराबाद क्षेत्र के धर्मकांटा पर एक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और हुड़दंग करने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके द्वारा सहयोग न करने पर उसे शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान विशाल पुत्र राजेन्द्र निवासी इस्लाम नगर, कोतवाली रामपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब, नशे के कारोबार और शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हरिद्वार पुलिस का यह सख्त रुख साफ संकेत देता है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button