हरिद्वार

जिलाधिकारी के निर्देश पर युद्धस्तर पर सड़क पुनर्निर्माण, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने सीवरेज कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी ला दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई द्वारा दिन-रात युद्धस्तर पर सड़क पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं। हरिद्वार शहर में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों के कारण स्थानीय जनता, व्यापारियों और यात्रियों को हो रही असुविधा को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी मार्ग पर आवागमन प्रभावित नहीं होना चाहिए तथा सभी खोदी गई सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 एवं पैकेज-02 के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। 21 जून को विभिन्न क्षेत्रों में कुल 385 मीटर सड़क निर्माण एवं पुनर्स्थापन कार्य पूरा किया गया। पैकेज-01 के अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया की सीसी रोड पर 40 मीटर कार्य पूरा किया गया। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत गणपतिधाम फेस-3 पावर ब्लॉक में 68 मीटर, मोहन इन्क्लेव सीसी रोड में 25 मीटर, राजविहार फेस-1 सीसी रोड में 25 मीटर, लोक सेवा आयोग मार्ग पर 65 मीटर, रतन वाटिका पावर ब्लॉक में 40 मीटर तथा राजविहार फेस-1 पावर ब्लॉक में 81 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। इसके अतिरिक्त गणपतिधाम फेस-2 की सीसी रोड का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। सड़कों की शीघ्र मरम्मत से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, चारधाम यात्रियों तथा कांवड़ श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button