त्योहारों को लेकर श्यामपुर पुलिस अलर्ट लालढांग में सर्वसमाज की बैठक कर दिया सौहार्द का संदेश
अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी, सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर होगी कार्रवाई

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस अलर्ट हो गई है। इसी क्रम में कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने चौकी लालढांग में सर्वसमाज के लोगों के साथ बैठक आयोजित कर आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में पुलिस ने सभी समुदायों के लोगों से एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और त्योहारों को मिल जुलकर मनाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने से बचें। पुलिस ने पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी निर्धारित स्थानों पर ही करने तथा सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। श्यामपुर पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आपसी सहयोग और भाईचारे से ही त्योहारों की खुशियां कायम रहेंगी।









