26 साल की मेहनत पलभर में राख! भीषण आग ने राज टैंट हाऊस को किया तबाह, कारोबारी विश्वराज सैनी सदमे में
जावेद अंसारी उत्तराखंड प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) रुड़की। नगर निगम के वार्ड नंबर एक स्थित शेरपुर में हाईवे किनारे संचालित राज टैंट हाऊस में सोमवार देर रात लगी भीषण आग ने एक कारोबारी के 26 वर्षों के संघर्ष और मेहनत से खड़े किए गए सपनों को पलभर में राख कर दिया। आग इतनी विकराल थी कि टैंट हाऊस में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। करीब चार घंटे तक दमकल विभाग की टीमें और स्थानीय लोग आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत करते रहे। इस दौरान आग ने बराबर में स्थित रिहायशी भवन को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आवासीय भवन में लगी आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12 बजे शेरपुर हाईवे स्थित राज टैंट हाऊस से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसकी जानकारी मिलते ही टैंट हाऊस संचालक विश्वराज सैनी के परिजनों और परिचितों में हड़कंप मच गया। आसपास के पड़ोसी और नजदीकी पेट्रोल पंप के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि सूचना मिलने पर शुरुआत में छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन उसकी सीमित जल क्षमता के कारण भीषण आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद मंगलौर और बहादराबाद से बड़ी दमकल गाड़ियां बुलवाई गईं। आरोप है कि बड़ी दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। तब तक आग टैंट हाऊस में रखे सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
इसी बीच आग की लपटें बराबर में स्थित रिहायशी भवन तक पहुंच गईं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। बाद में अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आवासीय भवन में लगी आग पर काबू पाया।
घटना के बाद अग्निशमन विभाग की शुरुआती व्यवस्था और बड़ी दमकल गाड़ियों के पहुंचने में हुई देरी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शुरुआत में ही पर्याप्त क्षमता वाली दमकल गाड़ी मौके पर पहुंच जाती तो शायद नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सकता था। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल आर्थिक नुकसान का आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
राज टैंट हाऊस के संचालक विश्वराज सैनी लोकतांत्रिक जनमोर्चा के संस्थापक सदस्य हैं। वह स्वर्गीय चौधरी छतर सिंह सैनी के नाती हैं और लंबे समय से कांवड़ सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी के चलते घटना की जानकारी मिलते ही रात से ही उनके परिचितों, मित्रों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का मौके पर पहुंचना शुरू हो गया।
सोमवार को भी टैंट हाऊस पर सर्वसमाज के लोगों का तांता लगा रहा। हर कोई इस मुश्किल घड़ी में विश्वराज सैनी और उनके परिवार को ढांढस बंधाता नजर आया। लोगों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में समाज उनके साथ खड़ा है और हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
इस दुखद घटना के बाद विश्वराज सैनी के पड़ोसी और परम मित्र संजय सैनी भी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। 26 वर्षों की मेहनत, संघर्ष और लगन से खड़े किए गए कारोबार को अपनी आंखों के सामने राख होते देख विश्वराज सैनी और उनका परिवार गहरे सदमे में है।
कारोबार में हुए भारी नुकसान ने परिवार को मुश्किल हालात में खड़ा कर दिया है। हालांकि, इस संकट की घड़ी में मित्रों, परिचितों और सर्वसमाज से मिल रहे सहयोग और हौसले ने परिवार को नई उम्मीद दी है। अब परिवार को भरोसा है कि अपनों के संबल से वह इस कठिन दौर से बाहर निकलने और जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने का प्रयास करेगा।









