अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ऋषिकुल मैदान में होगा भव्य योग शिविर, एक हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को हरिद्वार के आयुर्वेदिक महाविद्यालय ऋषिकुल मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि योग शिविर का आयोजन प्रातः 6 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि तथा हरिद्वार नगर निगम की मेयर किरण जैसल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। योग शिविर के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पंडाल और बैठने की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग करेगा, जबकि स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम हरिद्वार को आयोजन स्थल की साफ-सफाई एवं मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वीआईपी व्यवस्थाओं का दायित्व नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार को सौंपा गया है, जबकि पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी एसपी सिटी को दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने परिवहन विभाग को योग शिविर में भाग लेने वाली छात्राओं के लिए आवश्यक वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में करीब एक हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन को प्रतिभागियों के लिए योगा मैट एवं जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









