
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 को सुव्यवस्थित और जाममुक्त बनाने के लिए यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को मेला भवन सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आईजी कुंभ मेला 2027 योगेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में कुंभ मेला यातायात नियंत्रण उपसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपसमिति अध्यक्ष व एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह समेत पुलिस, प्रशासन, अखाड़ा परिषद, होटल एसोसिएशन, साधु समाज और टैक्सी चालक संघ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में कुंभ के दौरान वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए तैयार किए जा रहे यातायात प्लान पर विस्तार से चर्चा हुई।

एसपी ट्रैफिक क्राइम निशा यादव ने अब तक की तैयारियों की जानकारी दी, जबकि एसपी सिटी अभय सिंह ने सदस्यों के सवालों के जवाब दिए। वही आईजी योगेन्द्र सिंह रावत ने भरोसा दिलाया कि ट्रैफिक प्लान बनाते समय श्रद्धालुओं के साथ होटल व्यवसायियों, टैक्सी-टेंपो यूनियन, रिक्शा चालकों, अखाड़ा परिषद और साधु समाज के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। वहीं एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि भीड़ के दबाव के अनुसार अलग-अलग ट्रैफिक प्लान लागू किए जाएंगे, इसलिए सभी विभागों और संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। बैठक में मिले सुझावों के आधार पर यातायात कार्ययोजना में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे, ताकि कुंभ मेला 2027 के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सके।









