15 दिन में झूलते व अव्यवस्थित तारों को व्यवस्थित करने के डीएम मयूर दीक्षित ने दिए निर्देश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 और विभिन्न स्नान पर्वों को देखते हुए हरिद्वार शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। शहर में जगह-जगह झूल रहे विद्युत तारों, टीवी केबल और इंटरनेट की अव्यवस्थित वायरिंग को व्यवस्थित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय में नगरीय क्षेत्र में झूलते एवं अव्यवस्थित विद्युत, टीवी केबल तथा इंटरनेट तारों को व्यवस्थित करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं सेवा प्रदाता कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में जहां भी तार झूलते अथवा अव्यवस्थित स्थिति में हैं, उन्हें 15 दिनों के भीतर सुरक्षित एवं व्यवस्थित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला और स्नान पर्वों के दौरान हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों का आगमन होता है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ बिजली एवं संचार व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में भूमिगत विद्युत लाइनें बिछाई जा चुकी हैं, वहां अनावश्यक रूप से लटके पुराने तारों को हटाया जाए। वहीं, वर्तमान में उपयोग किए जा रहे तारों की बंचिंग कर उन्हें व्यवस्थित एवं सुरक्षित किया जाए। अवैध तथा अनुपयोगी पुराने तारों को भी चरणबद्ध तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों एवं संबंधित कंपनियों को निर्देशित किया कि अभियान केवल एक बार चलाकर समाप्त न किया जाए, बल्कि इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 2 से 3 माह में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी केबल क्लटर और तारों के जंजाल को व्यवस्थित कर हरिद्वार को बेहतर स्वरूप प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों और बाजारों के ऊपर झूलते तथा बेतरतीब तार न केवल शहर की सुंदरता और स्वच्छता को प्रभावित करते हैं, बल्कि कई बार दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। इसलिए जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित एजेंसियां जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित विद्युत विभाग, नगर निगम, टीवी केबल एवं इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









