बागेश्वर

हर शनिवार को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, स्वच्छ बागेश्वर के लिए जनसहभागिता जरूरी: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने मंगल पैलेस से त्युनरा गधेरे तक चलाया स्वच्छता अभियान, स्वयं श्रमदान कर नागरिकों से की जनसहभागिता की अपील

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) बागेश्वर। स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बागेश्वर के निर्माण के लिए प्रत्येक शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के नेतृत्व में मंगल पैलेस से त्युनरा गधेरे तक विशेष सफाई एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में जिलाधिकारी ने स्वयं प्रतिभाग कर सफाई कार्य किया तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग अथवा प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देना और नागरिकों में नियमित रूप से साफ-सफाई की आदत विकसित करना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि घरों एवं दुकानों से निकलने वाला कूड़ा कूड़ेदान में ही रखें तथा नगरपालिका के कूड़ा संग्रहण वाहन में ही डालें। सार्वजनिक स्थानों, नदी-नालों एवं रास्तों में कूड़ा न फेंकें।

उन्होंने कहा कि सरयू नदी के किनारे स्थित घाटों, गधेरों, सार्वजनिक रास्तों एवं जलस्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता के प्रति सामूहिक प्रयासों से न केवल नगर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सभी नागरिकों, व्यापारियों एवं युवाओं से प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने भी नागरिकों से कूड़ा निर्धारित स्थानों एवं कूड़ा संग्रहण वाहन में ही डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने अथवा गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नगरपालिका द्वारा चालानी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी के.के जोशी, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका विनोद जीना सहित जनप्रतिनिधि, नगरपालिका के सफाई कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button