हरिद्वार

श्रीलंका सिविल सेवा प्रशिक्षुओं ने किया प्रशासनिक व आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। श्रीलंका सिविल सेवा के 40 प्रशिक्षु अधिकारियों का एक दल भारत सरकार के राष्ट्रीय सुशासन केंद्र के तत्वावधान में हरिद्वार पहुंचा। दल का नेतृत्व डॉ. एपी सिंह, डॉ. एम.के भंडारी एवं संजय दत्त पंत कर रहे थे। जिला मुख्यालय पहुंचने पर हरिद्वार स्थित जिला आपदा प्रबंधन सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सभी प्रशिक्षुओं का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को प्रशासनिक दायित्वों, अधिकारों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जिला प्रशासन की चुनौतियों तथा उनके समाधान के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उन्होंने हरिद्वार की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विशेषताओं, गंगा आरती, कुंभ मेला एवं कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों के प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में एसपी ट्रैफिक निशा यादव ने पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ नियंत्रण की रणनीतियों की जानकारी दी। वहीं खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल ने विकास खंड स्तर पर संचालित योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान श्रीलंका के अधिकारियों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका जिलाधिकारी द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी ने किया। अंत में श्रीलंका प्रशासनिक टीम की लीडर इल्लनदरागे मंगला प्रियदर्शिनी गुणरत्ना ने जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा एसपी ट्रैफिक का आभार व्यक्त करते हुए प्रतीक चिन्ह भेंट किया। जिला प्रशासन की ओर से भी सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिषेक चौहान सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button