वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण सैनी ने 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर की राजनीति में एक नया मोड़ सामने आया है। लक्सर प्रेस क्लब के अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण सैनी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा कर दी है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता के बीच रहकर विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का दावा किया। प्रवीण सैनी ने कहा कि वर्षों से बाहरी नेता चुनाव के समय लक्सर पहुंचकर बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही अधिकांश वादे धरातल पर दिखाई नहीं देते।
ऐसे में अब स्थानीय व्यक्ति को क्षेत्र की आवाज बनकर विधानसभा तक पहुंचना चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रवीण सैनी ने कहा कि वह लंबे समय से पत्रकारिता के माध्यम से जनता की समस्याओं को उठाते रहे हैं और समाज हित में लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में लक्सर क्षेत्र की जनता का समर्थन और आशीर्वाद मिला तो वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने बताया कि पत्रकार साथियों और शुभचिंतकों द्वारा आयोजित बैठक में उन्हें चुनाव मैदान में उतरने का सुझाव दिया गया। साथ ही सभी ने एकजुट होकर उनका समर्थन करने और कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इसी समर्थन और जनता की सेवा के संकल्प के साथ उन्होंने लक्सर विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। अब प्रवीण सैनी की चुनावी घोषणा के बाद लक्सर की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्षेत्र की जनता उनके इस फैसले को कितना समर्थन देती है।









