
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में देर रात उस समय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जब दो अलग-अलग गांवों में तालाब से निकलकर दो विशालकाय मगरमच्छ आबादी और खेतों के बीच पहुंच गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मगरमच्छों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे नियामतपुर और खेड़ी कला गांव से वन विभाग को सूचना मिली थी कि तालाब से निकले मगरमच्छ ग्रामीणों के घरों और खेतों के आसपास घूम रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम दोनों स्थानों पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छों को सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग के अनुसार रेस्क्यू किए गए दोनों मगरमच्छों को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है। मगरमच्छों के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की तत्परता की सराहना की।









