अखिल भारतीय सफाई मजदूर गरीब उत्थान यूनियन के मुदस्सिर मंसूरी बने जिला महामंत्री
अक्षय कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) हरिद्वार। अखिल भारतीय सफाई मजदूर गरीब उत्थान यूनियन द्वारा जनपद हरिद्वार के शोषित, वंचित एवं सफाई कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। यूनियन के मार्गदर्शक मंडल की संस्तुति एवं प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ चौधरी के निर्देशन में मुदस्सिर मंसूरी को जिला हरिद्वार का महामंत्री नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि मुदस्सिर मंसूरी द्वारा समाज के गरीब, पीड़ित एवं वंचित वर्गों की समस्याओं के प्रति दिखाई गई सजगता, समर्पण एवं न्यायपूर्ण सोच को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन को आशा है कि वह अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करेंगे। मोहम्मद आरिफ चौधरी ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए यूनियन लगातार कार्य कर रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मुदस्सिर मंसूरी अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और जरूरतमंदों की आवाज को बुलंद करेंगे। नवनियुक्त महामंत्री मुदस्सिर मंसूरी ने इस जिम्मेदारी के लिए संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा हर पीड़ित और जरूरतमंद को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।









