पिरान कलियर

सोशल मीडिया पर नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल, दो आरोपी गिरफ्तार

जावेद अंसारी उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। थाना पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट और क्रूरता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार थाना पिरान कलियर क्षेत्र के ग्राम दरियापुर में चार नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस को व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो की जानकारी मिली, जिसके बाद मामले की जांच की गई।

जांच में सामने आया कि ग्राम दरियापुर निवासी मेघराज और महावीर पुत्रगण रामप्रसाद ने कोल्ड ड्रिंक चोरी के आरोप में चार नाबालिग बच्चों को पकड़कर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोपियों ने बच्चों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी और उन्हें गलत तरीके से बंधक बनाकर रखा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पिरान कलियर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा संख्या 130/2026 दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 127, 352, 351(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम में प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक द्विव्येश उपाध्याय, उपनिरीक्षक शहजाद अली तथा हेड कांस्टेबल आनंद सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button