काठा पीर दरगाह व्यवस्था की बदहाली पर उठी आवाज, एसडीएम से मिलकर पुरानी मांगों का मांगा जवाब
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिले की प्रसिद्ध हजरत शाह मोहम्मद शाह काठा पीर दरगाह पर व्याप्त अव्यवस्थाओं और जायरीनों एवं श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों का मुद्दा एक बार फिर उठाया गया है। दरगाह के समुचित विकास, संपत्ति की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद सलीम ने प्रशासन से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। इसी क्रम में 30 अक्टूबर 2026 को सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद सलीम ने एसडीएम लक्सर से मुलाकात कर 5 सितंबर 2026 को सौंपे गए ज्ञापन पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों, जायरीनों और श्रद्धालुओं की ओर से दरगाह की समस्याओं के समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें प्रशासन के समक्ष रखी गई थीं, लेकिन अभी तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। मोहम्मद सलीम ने प्रशासन के सामने एक बार फिर मांग रखी कि दरगाह की पूरी भूमि की तत्काल पैमाइश कराकर चारों ओर मजबूत चारदीवारी बनाई जाए, जिससे दरगाह की संपत्ति सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि दरगाह के पास फंड और चढ़ावे की धनराशि उपलब्ध होने की बात कही जाती है। इसके बावजूद सालाना उर्स और मेले के आयोजन के दौरान प्रशासन को हर वर्ष कई एकड़ जमीन किराये पर लेनी पड़ती है। ऐसे में दरगाह की उपलब्ध धनराशि और नियमानुसार स्वीकृति के आधार पर स्थायी जमीन खरीदने की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि हर साल होने वाले किराए के खर्च से बचा जा सके। इसके अलावा दरगाह की टपकती छतों और जर्जर कमरों की मरम्मत, परिसर में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और बेहतर शौचालयों की व्यवस्था कराने की मांग की गई। साथ ही दरगाह के आय-व्यय और चढ़ावे का पूरा हिसाब-किताब पारदर्शी तरीके से सार्वजनिक करने तथा जायरीनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद सलीम के साथ उपप्रधान सलीम अहमद अंसारी, मोहम्मद मुस्तफा, मांगे हसन अंसारी, तसव्वर भाई सहित कई लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम लक्सर के समक्ष दरगाह की समस्याओं को रखते हुए विकास कार्यो को जल्द शुरू कराने और पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर हुई कार्रवाई का स्पष्ट जवाब देने की मांग की। मोहम्मद सलीम ने कहा कि काठा पीर दरगाह में दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों जायरीन और श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद परिसर में जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि दरगाह केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक पहचान भी है। इसलिए इसकी संपत्ति की सुरक्षा, साफ-सफाई, मरम्मत और सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूर्व में सौंपे गए ज्ञापन पर हुई कार्रवाई का विवरण उपलब्ध कराया जाए और लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेकर धरातल पर काम शुरू कराया जाए, ताकि दरगाह पर आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके तथा दरगाह की संपत्ति और धनराशि का पारदर्शी एवं उचित उपयोग सुनिश्चित हो सके।









