सरदार वल्लभ भाई पटेल देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और कुशल नेतृत्वकर्ता थे: मोहम्मद आरिफ
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भारतीय मजदूर परिषद के प्रदेश अध्यक्ष (उत्तराखंड) एवं राष्ट्रीय निगरानी समिति सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पूर्व सदस्य मोहम्मद आरिफ चौधरी ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए नमन किया है। इस अवसर पर मोहम्मद आरिफ चौधरी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और कुशल नेतृत्वकर्ता थे। उन्होंने आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। और इसी योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें देश की एकता, आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। और आज आवश्यकता है कि हम जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने आगे कहा कि मजदूरों, गरीबों, वंचितों और समाज के कमजोर वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना ही सच्ची राष्ट्रीय सेवा है। अंत में उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार वल्लभ भाई पटेल के आदर्शो को अपनाने और एक मजबूत, समरस एवं एकजुट भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की है।









