लक्सर

मंगलौर में सौतेले पिता ने मासूम की ली जान, पुलिस ने दबोचा आरोपी

रमजान के दौरान मंगलौर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 5000 रुपये का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। हरिद्वार की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने डेढ़ साल के मासूम की हत्या के आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मामला तब सामने आया जब मंगलौर निवासी एक महिला ने अपने पति फैजान के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि फैजान, जो बच्चे का सौतेला पिता था, उसने डेढ़ वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश मंगलौर पुलिस को दिए थे। लगातार दबिश के बावजूद आरोपी बार-बार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, जिसके चलते उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। आखिरकार पुलिस टीम की कड़ी मेहनत रंग लाई और आज शुक्रवार को आरोपी फैजान को पुलिस टीम ने मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि फैजान के महिला के साथ पहले से प्रेम संबंध थे। महिला के पहले पति की मृत्यु के बाद दोनों ने शादी कर ली थी। लेकिन शादी के बाद छोटे-छोटे विवाद बढ़ते गए। आरोपी सौतेले बच्चे की जिम्मेदारी और उसके पालन-पोषण को लेकर मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। 17 फरवरी को बच्चे के लगातार रोने से गुस्साए आरोपी ने पहले उसे थप्पड़ मारे और फिर उसकी छाती पर लात मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बच्चे के शव को बिस्तर पर छोड़कर फरार हो गया था। गिरफ्तार आरोपी फैजान पुत्र तुफैल, गांव मुजेडा, थाना मीरापुर, जिला मुजफ्फरनगर उत्तरप्रदेश का रहने है इस पूरे ऑपरेशन में मंगलौर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें मनोज गैरोला, अशोक सिरसवाल, शूरबीर, पुनीत सेवाल, मनीष और दिनेश चौहान शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button