दरगाह व बस अड्डे पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, बीडीएस व डॉग स्क्वायड की सघन चेकिंग
एसएसपी के निर्देश पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में चला अभियान, संदिग्ध वस्तुओं की हुई जांच

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सतर्क नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) व डॉग स्क्वायड की टीमों द्वारा गुरुवार को पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र एवं रुड़की बस अड्डे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत टीमों ने दरगाह परिसर व उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध व्यक्ति, वस्तुओं और वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड एवं आधुनिक उपकरणों की मदद से लावारिस सामानों को भी बारीकी से खंगाला गया, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
इसके पश्चात टीम रुड़की बस अड्डे पहुंची, जहां यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए बस अड्डे परिसर व आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
हरिद्वार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नजर आती है, तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।









