Video: अवैध शीशम कटान पर वन विभाग का शिकंजा, लकड़ी से भरी महिंद्रा पिकअप सीज
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर में वन विभाग ने अवैध कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शीशम की लकड़ी से लदी एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी को पकड़कर सीज कर दिया है। इस कार्रवाई से लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मचा है। बता दे लक्सर में वन विभाग को क्षेत्र में अवैध रूप से शीशम के पेड़ों के कटान की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने सघन चेकिंग और घेराबंदी अभियान चलाते हुए केहड़ा गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान महिंद्रा पिकअप में भारी मात्रा में अवैध शीशम की लकड़ी बरामद हुई, जिसे तत्काल कब्जे में लेकर वाहन को सीज कर दिया गया। वन विभाग ने मामले में संलिप्त आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। विभाग का कहना है कि अवैध कटान और तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









