रुड़की तहसील में विकास की नई पहल-सौंदर्यीकरण, कंप्यूटर शिक्षा और आपदा कंट्रोल रूम का शुभारंभ
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। रुड़की तहसील परिसर में विकास और जनसुविधाओं को नई दिशा देते हुए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बालिकाओं के लिए कंप्यूटर शिक्षा कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान तहसील परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की गई। फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए आकर्षक वॉल पेंटिंग कराई गई है, जिससे आमजन को सुगम आवागमन और बेहतर वातावरण मिल सके। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि तहसील में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बालिकाओं के लिए शुरू की गई कंप्यूटर शिक्षा पहल को सराहनीय बताते हुए इसे उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्तियों और फुटपाथों पर अतिक्रमण रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तहसील परिसर में स्थापित कंप्यूटर कक्ष में विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों की छात्राओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने हेतु प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रुड़की की 15 चयनित छात्राओं को अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इन छात्राओं का चयन विद्यालय स्तर पर परीक्षा के माध्यम से किया गया है और इन्हें कंप्यूटर शिक्षा में दक्ष बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। आपदा प्रबंधन में भी बड़ी पहल किसी भी दैवीय आपदा के समय त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए तहसील रुड़की में आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहानि और नुकसान को कम किया जा सके। निरीक्षण के दौरान दिए सख्त निर्देश जिलाधिकारी ने तहसील परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशीलता के साथ समाधान करने को कहा इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार एवं अपर तहसीलदार रुड़की सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।









