152 मोबाइल बरामद: सिडकुल पुलिस ने लौटाया भरोसा, 36 लाख रुपए की संपत्ति वापस
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए कुल 152 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹36 लाख से अधिक आंकी गई है। थाना सिडकुल पुलिस द्वारा की गई इस प्रभावी कार्रवाई से उन लोगों के चेहरों पर फिर से खुशी लौट आई है, जिन्होंने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, वहीं पुलिस के इस सराहनीय प्रयास से आमजन के बीच विश्वास भी और मजबूत हुआ है। पुलिस के अनुसार खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश में Central Equipment Identity Register (सीईआईआर) पोर्टल अत्यंत प्रभावी साबित हो रहा है, जिसके माध्यम से पुलिस टीम ने देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर इन मोबाइल फोन की सफल रिकवरी की। बरामद मोबाइल फोन में कुछ सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों के हैं, जबकि अन्य स्थानीय निवासियों के हैं, और लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कोई लावारिस मोबाइल फोन मिलता है तो उसे तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराएं तथा मोबाइल खोने की स्थिति में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराएं। बरामद मोबाइल फोन में iPhone 02, Oppo 27, Nothing 08, Samsung 25, Realme 29, Mi 07, Vivo 32, OnePlus 16 और Infinix 06 शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना अध्यक्ष अजय शाह, व०उ०नि०विकास रावत तथा हे०का विवेक यादव शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस की इस सफलता ने एक बार फिर यह साबित किया है कि तकनीक और समन्वय के प्रभावी उपयोग से आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जा सकती है।









