हरिद्वार

सावन के पहले सोमवार पर दक्षेश्वर महादेव पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित, कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिलाधिकारी ने परिवार के साथ किया दक्षेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक, फल किए वितरित

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। सावन के प्रथम सोमवार पर आस्था के केंद्र दक्षेश्वर महादेव मंदिर में उमड़े शिवभक्तों के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को पहुंचकर कांवड़ मेला-2026 की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के सुचारु एवं सुरक्षित दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में की गई बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सावन के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने परिवार के साथ दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपद की सुख-समृद्धि, प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन तथा कांवड़ मेला-2026 के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन की कामना की।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में मौजूद शिवभक्तों को फल एवं पेयजल वितरित कर उनका स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान प्रशासन, पुलिस विभाग, सेक्टर अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि सावन माह और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button