रोजगार मेले में 14 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर
सिडकुल की 9 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 93 अभ्यर्थियों ने दिए साक्षात्कार
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार की ओर से बुधवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जगजीतपुर में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ, जिसमें सिडकुल हरिद्वार की 9 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
रोजगार मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 93 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। साक्षात्कार के बाद 24 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में 14 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया। चयन होने पर युवाओं में उत्साह देखने को मिला। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से युवाओं से अपील की गई कि वे विभाग द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले रोजगार मेलों, मार्गदर्शन कार्यक्रमों एवं सेवायोजन संबंधी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जुड़ने तथा अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। रोजगार मेले के माध्यम से स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। विभाग का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के जरिए युवाओं और रोजगारदाताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।









