हरिद्वार

जिला उपभोक्ता आयोग हरिद्वार के जर्जर भवन की जल्द से जल्द करवाई जाए मरम्मत: हिमांशु सरीन एडवोकेट

चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार स्थित जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (जिला उपभोक्ता फोरम) के भवन की बदहाल और जर्जर स्थिति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता-अधिवक्ता हिमांशु सरीन ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव को एक शिकायती पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने मुख्य सचिव से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने और आयोग के लिए सुरक्षित व नए भवन की व्यवस्था करने की मांग की है। वर्तमान में जिला उपभोक्ता आयोग का भवन अत्यंत दयनीय स्थिति में है। भवन की दीवारों और छतों में गहरी दरारें आ चुकी हैं, जिससे यहाँ हर समय किसी बड़ी दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण आयोग के अत्यंत महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज, केस फाइलें और सरकारी रिकॉर्ड्स के सीलन से नष्ट होने का खतरा पैदा हो गया है। जर्जर हालत के चलते बिजली की वायरिंग, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं भी पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। एडवोकेट हिमांशु सरीन ने कहा-हरिद्वार का जिला उपभोक्ता आयोग जिले के हजारों उपभोक्ताओं को न्याय प्रदान करने का मुख्य केंद्र है। लेकिन आज स्थिति यह है कि यहाँ आने वाले उपभोक्ताओं अधिवक्ताओं विभागीय कर्मचारियों और आयोग के माननीय सदस्यों को अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य करना पड़ रहा है। किसी भी दिन यहाँ कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सरकार को इस मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत इसका संज्ञान लेना चाहिए। सरीन ने मुख्य सचिव से अनुरोध किया है कि वे प्राथमिकता के आधार पर इस जर्जर भवन का तकनीकी निरीक्षण करवाएं और इसके जीर्णोद्धार या किसी अन्य सुरक्षित सरकारी भवन में अस्थाई स्थानांतरण के निर्देश जारी करें। साथ ही, उन्होंने मांग की कि भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए हरिद्वार में जिला उपभोक्ता आयोग के लिए एक नए और आधुनिक भवन के निर्माण की कार्ययोजना को जल्द से जल्द मंजूरी दी जाए।

Related Articles

Back to top button