कुंभ-2027 की सुरक्षा तैयारियों को लेकर एडीजी मुरुगेशन ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने सीसीआर स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था और डिजिटल तकनीक के उपयोग सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए योजनाओं को अंतिम रूप देकर सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला-2027 द्वारा अब तक की गई तैयारियों और भविष्य की कार्ययोजना पर प्रस्तुतिकरण दिया गया। एडीजी ने कुंभ मेले में चरणवार पुलिस बल की तैनाती, जोन-सेक्टर व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधन पर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि किसी भी संभावित चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
एडीजी डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से कुंभ विश्व का सबसे बड़ा आयोजन है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने तथा सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण किया और मौके पर चल रही व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एटीसी पहुंचकर कुंभ मेला ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण ले रहे जवानों से संवाद किया और प्रशिक्षण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षित स्टाफ एवं अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल सहित पुलिस एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









