गुघाल मेले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, एसपी सिटी ने लिया जायजा
शाहबाज सलमानी हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(शाहबाज सलमानी) हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में आयोजित प्राचीन गुघाल मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए एसपी सिटी हरिद्वार दीपक सिंह ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों को देखा। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मेला क्षेत्र में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए CCTV कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर है। साथ ही यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिसकर्मियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि प्राचीन गुघाल मेला 22 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक ज्वालापुर, हरिद्वार में आयोजित किया जा रहा है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।









