नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षाएं कराना प्रशासन की प्राथमिकता, केंद्रों पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं समय से पूरी करने के निर्देश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण एवं परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षार्थियों की संख्या, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था और परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अभिषेक शुक्ला ने जानकारी दी कि वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं में जनपद हरिद्वार से कुल 48,320 छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे। इनमें हाईस्कूल के 25,239 तथा इंटरमीडिएट के 23,081 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जनपद में कुल 126 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 17 एकल और 109 मिश्रित परीक्षा केंद्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 25,239 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें संस्थागत श्रेणी के 12,485 बालक और 11,952 बालिकाएं, जबकि व्यक्तिगत श्रेणी के 550 बालक और 252 बालिकाएं परीक्षा देंगे। इसी प्रकार, इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 23,081 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। इनमें संस्थागत श्रेणी के 11,218 बालक एवं 10,406 बालिकाएं तथा व्यक्तिगत श्रेणी के 937 बालक एवं 520 बालिकाएं शामिल हैं।परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ बिजली, पेयजल, शौचालय और छात्र-छात्राओं के बैठने की उचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा कर लें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। परीक्षा की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, खंड शिक्षा अधिकारी लक्सर विनोद कुमार, रुड़की की खंड शिक्षा अधिकारी आकांक्षा राठौर, खानपुर के खंड शिक्षा अधिकारी शानै करीम सिद्दीकी, राजकीय इंटर कॉलेज गैंडीखाता के प्रधानाचार्य भानु प्रताप शर्मा, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज रुड़की की प्रधानाचार्य नीलम कटियार तथा प्रशासनिक अधिकारी रश्मि गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वर्चुअल माध्यम से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला और उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी भी बैठक में शामिल हुए।









