कांवड़ मेला की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक
डाक कांवड़ को लेकर की चर्चा, डायवर्जन प्लान लागू करने के दिए निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) हरिद्वार। जहां इस समय शिव की नगरी हरिद्वार में बम-बम भोले की गूंज गूंज रही है, तो वही कावड़ मेला भी अपने चरम सीमा पर पहुंच गया है, जैसे-जैसे शिव भक्तों का आंकड़ा दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है वैसे-वैसे पुलिस प्रशासन के लिए कावड़ियों की सुरक्षा को लेकर चुनौती बन रही है। वहीं जानकारी के अनुसार शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ० वी मुरगेशन प्रचलित कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम के भ्रमण के पश्चात सीसीटीवी कंट्रोल से जिले के विभिन्न क्षेत्रों का यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को चैक किया गया। मौके पर मौजूद एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा एडीजी/लो को वर्तमान में लागू यातायात प्लान, हाइवे व कांवड़ पटरी की मौजूदा स्थिति तथा अब तक जल उठाकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके कांवड़ियो के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ० वी मुरगेशन द्वारा एसएसपी हरिद्वार व एसपी ट्रैफिक निशा यादव को डाक कांवड़ में आ रहे वाहनों एवं श्रद्धालुओं की भीड़ के मुताबिक ट्रैफिक समेत डायवर्जन प्लान लागू करने के साथ पार्किंग से वाहनों की सुगम निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।









