हरिद्वार

अमर्यादित भाषा के लिए युवाओं से माफी मांगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष: महंत शुभम गिरी

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। समाजवादी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर छात्रों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने की कड़ी निंदा करते हुए माफी मांगने की मांग की है। महंत शुभम गिरी ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा अपने अधिकार, रोज़गार और परीक्षा में पारदर्शिता की मांग के लिए आंदोलन कर रहे छात्रों और बेरोज़गार युवाओं के लिए प्रयोग की गई अमर्यादित और असंसदीय भाषा न केवल अत्यंत निंदनीय है, बल्कि यह उनकी और उनकी पार्टी की युवा विरोधी सोच का असली चेहरा भी उजागर करती है। महंत शुभम गिरी ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार ने युवाओं के स्वाभिमान और भविष्य को तरजीह देते हुए 15 लाख से अधिक मेधावी छात्र छात्राओं को मुफ़्त लैपटॉप वितरित किए और डा.राम मनोहर लोहिया के विचारों पर चलते हुए युवाओं को प्रदेश के नवनिर्माण की सबसे बड़ी शक्ति माना। दूसरी तरफ भाजपा का यह दौर है, जहां रोज़गार मांगने पर लाठियां मिलती हैं। घोटालों पर पर्दा डाला जाता है और युवा शक्ति को अमर्यादित शब्दों से अपमानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सत्ता और पद स्थायी नहीं होते। लेकिन स्वाभिमानी युवा अपने ऊपर किए गए कुठाराघात को कभी नहीं भूलता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को युवाओं के प्रति अपनी निंदनीय टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और अपने आचरण में सुधार करना चाहिए। अन्यथा लोकतंत्र में जब युवाओं का गुस्सा फूटता है, तो बड़े-बड़े अहंकार धराशायी हो जाते हैं। युवाओं का सम्मान ही प्रदेश का स्वाभिमान है।

Related Articles

Back to top button