प्रेम प्रसंग के शक में खूनी खेल, युवक और बहन की गोली मारकर हत्या
झबरेड़ी कला में दोहरे हत्याकांड से मचा हड़कंप, आरोपी अमन फरार पुलिस तलाश में जुटी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कला गांव में आज शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग के शक को लेकर खूनी वारदात सामने आई। जहां एक युवक ने पड़ोस में रहने वाले युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतारने के बाद अपने घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची युवती को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक के बाद एक हुई दो हत्याओं से गांव में सनसनी फैल गई। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के मुताबिक झबरेड़ी कला निवासी अमन को अपनी बहन के पड़ोसी मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम प्रसंग का शक था। इसी बात को लेकर करीब एक वर्ष पूर्व भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। शनिवार सुबह पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग के शक को लेकर विवाद फिर भड़क गया। आरोपी अमन तमंचा लेकर मुन्ना के घर पहुंचा और उसे गोली मार दी। गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।इसके बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और बहन को भी गोली मार दी। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही वारदात में इस्तेमाल तमंचे के संबंध में भी जांच कर रही है एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि गोलीबारी की घटना के बाद आरोपी मौके से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।









