हरिद्वार

अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर, डीएम मयूर दीक्षित ने कहा लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिला चिकित्सालय, चैन राय जिला महिला चिकित्सालय हरिद्वार एवं मेला (उप जिला) चिकित्सालय की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने अस्पतालों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किए जाने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के साथ-साथ उनके तीमारदारों के बैठने के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, औषधियों, रसायनों एवं सर्जिकल सामग्री की नियमानुसार और उचित दरों पर खरीद करने के निर्देश भी दिए।

डीएम मयूर दीक्षित ने मेला अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए भवन के रंग-रोगन, रेलिंग, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरों तथा अग्निशमन उपकरणों के मरम्मत कार्यों के साथ सैनिटाइजेशन एवं साफ-सफाई के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कार्यों का एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।

जिलाधिकारी ने मेला अस्पताल के आसपास तथा अस्पताल वाली सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान के आसपास स्वच्छता एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने अस्पताल परिसर एवं आसपास कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि अस्पताल परिसर के आसपास साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए।

बैठक में प्रमुख अधीक्षक एवं चिकित्सा प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. राजेश गुप्ता तथा चैन राय जिला महिला चिकित्सालय एवं हर मिलाप जिला चिकित्सालय हरिद्वार और मेला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक शशिकांत द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव से संबंधित एजेंडा एवं विवरण प्रस्तुत किया गया। बैठक में लोकसभा सांसद हरिद्वार के प्रतिनिधि बृजेश कुमार गुप्ता, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राकेश शर्मा, विधायक हरिद्वार के प्रतिनिधि राजेश जोशी, मेयर नगर निगम हरिद्वार के प्रतिनिधि एवं पार्षद सचिन प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, डॉ. नरेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button