हरिद्वार

शिवालिक नगर में दो दिन से नहीं उठा कूड़ा, दुर्गंध से लोग परेशान

नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। शिवालिक नगर में पिछले दो दिनों से घरों से कूड़ा न उठाए जाने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा होने से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विभास सिन्हा ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी हरिद्वार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिवालिक नगर एक महत्वपूर्ण आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र है, लेकिन पिछले दो दिनों से कूड़ा नहीं उठने के कारण लोगों का घरों और दुकानों के बाहर कूड़ा जमा हो गया है। इससे दुर्गंध के साथ-साथ सफाई व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

विभास सिन्हा ने कहा कि नगरपालिका की जिम्मेदारी है कि क्षेत्र में नियमित रूप से कूड़ा उठाने और सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करे। यदि दो-दो दिन तक घरों से कूड़ा नहीं उठाया जाएगा तो स्थिति और भी खराब हो सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए जाएं और शिवालिक नगर में नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

विभास सिन्हा ने कहा कि यदि नगरपालिका अपनी जिम्मेदारी निभाने में लगातार नाकाम रहती है तो नगरपालिका अध्यक्ष को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना स्थानीय निकाय की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष आगे भी आवाज उठाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button