हरिद्वार

वित्तीय समावेशन का महाअभियान, 15 जून से 318 ग्राम पंचायतों में लगेंगे विशेष कैंप

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद के प्रत्येक पात्र परिवार को बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक हरिद्वार की सभी 318 ग्राम पंचायतों में “फाइनेंशियल इन्क्लूजन सैचुरेशन कैंप” आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, सरकारी विभागों के अधिकारी एवं अन्य संबंधित हितधारक उपस्थित रहे। इस दौरान अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना और रूपरेखा पर चर्चा की गई। वित्तीय सेवाएं विभाग (डीएफएस), भारत सरकार के निर्देशानुसार संचालित किए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत वित्तीय समावेशन सुनिश्चित करना है। इसके तहत प्रत्येक पात्र परिवार को बैंकिंग सुविधाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी बैंकों और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कैंपों में बैंक खाते खोलने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY), डिजिटल बैंकिंग, आधार सीडिंग, नामांकन, सीकेवाईसी एवं पुनः केवाईसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने ग्राम पंचायत स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में एलडीएम दिनेश कुमार गुप्ता ने जनपद के सभी बैंकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और वित्तीय समावेशन के राष्ट्रीय लक्ष्य को सफल बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button