इण्डियन रेडक्रास के विशाल चिकित्सा शिविर में 857 छात्र-छात्राओं, अभिभावकों व स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। इण्डियन रेडक्रास सोसायटी हरिद्वार के तत्वावधान में कौशिक पब्लिक स्कूल, इमलीखेड़ा में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय की विशेषज्ञ स्वास्थ्य टीमों द्वारा कुल 857 छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं स्कूल स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत आवश्यकता के अनुसार जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सा शिविर का आयोजन इण्डियन रेडक्रास हरिद्वार के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन, इण्डियन रेडक्रास के उपाध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह के मुख्य संयोजन तथा इण्डियन रेडक्रास उत्तराखण्ड के चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी के संयोजन में किया गया। शिविर का शुभारंभ इण्डियन रेडक्रास उत्तराखण्ड के चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी ने किया। शिविर के दौरान ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय की शालाक्य विभागाध्यक्ष डॉ. गुंजन शर्मा एवं डॉ. अरुण कुमार के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्टाफ की आंखों की जांच की गई। वहीं काय चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं परिसर निदेशक डॉ. ओ.पी. सिंह के नेतृत्व में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में रक्त की जांच भी निःशुल्क की गई। इस अवसर पर इण्डियन रेडक्रास उत्तराखण्ड के चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय रहते बीमारियों की पहचान करने के उद्देश्य से इस प्रकार के चिकित्सा शिविर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना इण्डियन रेडक्रास की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। कौशिक पब्लिक स्कूल के चेयरमैन मुकेश कौशिक एवं निदेशक कनिका कौशिक ने चिकित्सा शिविर के आयोजन के लिए इण्डियन रेडक्रास उत्तराखण्ड के चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी का विशेष रूप से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण करनवाल ने प्रतीक चिन्ह भेंट कर डॉ. नरेश चौधरी को सम्मानित किया। चिकित्सा शिविर को सफल बनाने में डॉ. नितिशा कपूर, डॉ. मलिका गोयल, डॉ. जितेन्द्र कुमार, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. विधि अरोरा, डॉ. गौरव उरुकुदे, डॉ. गीतांजलि आहुजा, डॉ. जयश्याम लाम्बा, डॉ. रोहित कोहली, डॉ. शिवम चौधरी, डॉ. वियान्शा एवं डॉ. विकसित सहित पैरामेडिकल स्टाफ में पुष्पा नौशाद, मनीष कुमार, बबीता, आदित्य, अमर आदि ने सराहनीय सहयोग किया। शिविर के माध्यम से विद्यालय परिवार को एक ही स्थान पर सामान्य स्वास्थ्य, आंखों की जांच एवं रक्त परीक्षण जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। इस पहल को विद्यालय परिवार ने स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।









