माँ भवानी स्वच्छता समिति ने चलाया जनजागरूकता अभियान, लोगों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संचालित “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत ग्राम पंचायत सलेमपुर स्थित श्री सिद्धिविनायक फेज-3 में माँ भवानी स्वच्छता समिति द्वारा स्वच्छता रैली एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने स्वच्छता रैली निकालकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। रैली के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने, कूड़े को निर्धारित स्थान अथवा डस्टबिन में डालने तथा घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की गई। रैली में “स्वच्छता ही सेवा है”, “गंदगी जानलेवा है”, “स्वच्छता अपनाओ, देश बचाओ” और “स्वच्छ मोहल्ला, स्वस्थ परिवार” जैसे नारों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया। स्थानीय निवासियों ने भी उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेते हुए अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को यह भी संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। स्वच्छता रैली के माध्यम से क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। स्थानीय नागरिकों ने खुले में कूड़ा न डालने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने का भरोसा व्यक्त किया। कार्यक्रम ने सामूहिक सहभागिता के साथ स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत के निर्माण का संदेश दिया।









