खुलासा: बुग्गावाला फायरिंग कांड में 3 इनामी बदमाश गिरफ्तार
पुलिस ने यूपी बॉर्डर पर दबोचा गैंग, पूर्व में कुख्यात बदमाश की पुलिस के साथ हुईं थी मुठभेड़

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार जिले में अपराधियों के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। बुग्गावाला क्षेत्र की चर्चित बायोडीजल फैक्ट्री फायरिंग कांड में फरार चल रहे तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न सिर्फ एक सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है, बल्कि संगठित अपराध के एक खतरनाक नेटवर्क पर भी करारा प्रहार किया है।
9 जून की रात अमानतगढ़ स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में उस समय खून-खराबे का मंजर बन गया था, जब बड़ी चोरी की नीयत से पहुंचे बदमाशों का सामना फैक्ट्री के चौकीदार से हो गया। चौकीदार ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया तो अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया था। शांत माने जाने वाले बुग्गावाला क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।
घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने युद्धस्तर पर कार्रवाई शुरू की। और थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने चुनौती स्वीकार करते हुए पूरे घटनाक्रम का जल्द खुलासा करने की बात कही थी। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात आरोपी लुकमान को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसके साथी मौके से फरार हो गए थे। लुकमान से हुई गहन पूछताछ में पूरे गिरोह की साजिश, रेकी और वारदात को अंजाम देने की योजना का खुलासा हुआ।
एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए थाना बुग्गावाला, सीआईयू रुड़की और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीमों को सक्रिय किया। कई दिनों तक तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। आखिरकार पुलिस ने यूपी बॉर्डर पर सटीक घेराबंदी करते हुए 10-10 हजार रुपये के इनामी बदमाश संजय, जोगिंदर उर्फ जोगा और नसीम को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि यह गैंग उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में चोरी, लूट और डकैती जैसी कई गंभीर वारदातों को अंजाम दे चुका है। जोगिंदर उर्फ जोगा के खिलाफ पहले से कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। हरिद्वार पुलिस की इस शानदार कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराधी चाहे कितने भी शातिर क्यों न हों, कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकते। पुलिस ने गोलीकांड में शामिल सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर उनका गैंग ध्वस्त कर दिया हैं।
पुलिस टीम….
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा
उ०नि० मनोज कुमार
उ०नि० सुनील रमोला
अपर उ०नि० अरविंद भट्ट
हेड कांस्टेबल कुश कुमार
कॉन्स्टेबल मनोज कुमार
कॉन्स्टेबल विकास क्षेत्री
कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह
सी.आई.यू. टीम रुड़की
अपर उ०नि० अश्वनी यादव
हेड कांस्टेबल मनहोर भण्डारी
कॉन्स्टेबल महिपाल
कॉन्स्टेबल राहुल
कॉन्स्टेबल रविन्द्र खत्री
कॉन्स्टेबल अजय काला
कॉन्स्टेबल वसीम (हरिद्वार)









