मोबाइल दुकानदारों को सख्त हिदायत, भगवानपुर पुलिस की गोष्ठी में सुरक्षा और सतर्कता पर जोर
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भगवानपुर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में बुधवार को कोतवाली भगवानपुर प्रांगण में मोबाइल दुकानदारों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें करीब 45 दुकानदारों ने भाग लिया। प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पुलिस ने दुकानदारों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कई अहम दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि सतर्कता बरतने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

गोष्ठी में निर्देश दिए गए कि सभी दुकानदार मोबाइल खरीद-फरोख्त का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज करें, जिसमें ग्राहक का आधार कार्ड नंबर, मोबाइल नंबर और पूरा पता अनिवार्य रूप से लिखा जाए। साथ ही दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया, जिनका कवरेज सड़क तक होना चाहिए। पुलिस ने यह भी हिदायत दी कि बिना बिल के किसी भी मोबाइल का लॉक न तोड़ा जाए। पुराने मोबाइल खरीदने से पहले ‘संचार साथी’ ऐप के जरिए IMEI नंबर की जांच करना अनिवार्य होगा। यदि कोई मोबाइल ब्लैकलिस्टेड पाया जाता है तो तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सभी दुकानदारों को आपसी समन्वय के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने को कहा गया, जिसमें पुलिस के चेतक कर्मियों को भी जोड़ा जाएगा। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत ग्रुप में साझा करने के निर्देश भी दिए गए भगवानपुर प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह का कहना है इस तरह की पहल से न सिर्फ अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सकेगा, बल्कि आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।









