Video: आरटीओ जितेंद्र कुमार का बड़ा अभियान, कई प्रतिष्ठानों में मचा हड़कंप
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। रुड़की परिवहन विभाग द्वारा अवैध एवं अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जितेंद्र कुमार आरटीओ रुड़की एवं उनकी टीम ने कार्यालय के आसपास संचालित संदिग्ध सीएससी सेंटरों और बिना अनुमति परिवहन संबंधी कार्य करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सघन जांच एवं छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान एक दुकान पर छापा मारकर संबंधित व्यक्ति के दस्तावेज, लैपटॉप, प्रिंटर सहित अन्य उपकरणों को जांच के लिए सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद आसपास संचालित अन्य संदिग्ध दुकानदारों और व्यक्तियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर मौके से निकलने का प्रयास किया, जिससे क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। इसके अतिरिक्त आरटीओ कार्यालय के समीप संचालित एक सेकेंड हैंड कार डीलर की दुकान पर भी जांच की गई।
आवश्यक सत्यापन एवं निर्धारित शुल्क जमा न पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति परिवहन विभाग के कार्यों में अवैध हस्तक्षेप करता हुआ या अनधिकृत गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि आम जनता को पारदर्शी और व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।









