चला महा स्वच्छता अभियान, पंतद्वीप मैदान से हटाया गया कूड़े का अंबार
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन के बाद पंतद्वीप मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों में फैली गंदगी को हटाने के लिए शनिवार को व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। प्रशासन ने बताया कि यह अभियान रविवार, 21 जून को भी जारी रहेगा। जिला प्रशासन के निर्देशन में संचालित इस अभियान में आपदा प्रबंधन विभाग, जल निगम, नगर निगम तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान पंतद्वीप मैदान और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा-करकट हटाकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं स्वच्छता अभियान की संयोजक मीरा रावत ने बताया कि सोमवती अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के कारण विभिन्न क्षेत्रों में सफाई की विशेष आवश्यकता महसूस की गई थी। इसी को देखते हुए 20 और 21 जून को विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संस्थानों, संत समाज, व्यापार मंडलों, जनप्रतिनिधियों, उद्योग इकाइयों, पत्रकारों तथा आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की है। स्वच्छता अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान राजेश गुप्ता, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









